चंडीगढ़। धनास में पंजाब नेशनल बैंक के नजदीक एक मकान की छत से नीचे गिरने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान धनास निवासी प्रतिज्ञा (18) के रूप में हुई है। सारंगपुर थाना पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां कोरोना जांच रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बीते शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि धनास में पीएनबी बैंक के पास मकान नंबर-121 की छत से एक युवती नीचे गिर गई। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले परिजन उसे जीएमएसएच-16 ले गए, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। शनिवार सुबह उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस को मृतका की मां ने दिए बयानों में किसी पर कोई संदेह नहीं जताया। पुलिस का कहना है कि छत से नीचे गिरने से युवती के सिर पर गहरी चोट आई थी। सारंगपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।