अमृतसर में बटाला रोड स्थित मेट्रो बस ब्रिज पर छह साल की बच्ची की सिंथेटिक डोर से गला कटने से मौत हो गई। बच्ची माता-पिता के साथ बाइक पर जा रही थी और डोर की चपेट में आ गई। मामला रविवार का है। बच्ची के पिता को उस समय घटना का पता लगा जब मासूम के गले से खून की धारा बह निकली। बच्ची के शरीर से बहुत ज्यादा खून बहने के कारण उसकी जान चली गई।
वेरका स्थित दीन दयाल कालोनी निवासी मनी सिंह ने बताया कि रविवार को वह अपनी पत्नी कोमलप्रीत कौर और छह साल की बेटी खुशी के साथ बाइक पर गांव ढपई से वेरका की तरफ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि जब वह सेलिब्रेशन माल के सामने मेट्रो बस ब्रिज पर पहुंचे तो ब्रिज से लटक रही सिंथेटिक डोर बाइक में आगे बैठी उनकी बेटी खुशी के गले में फंस गई।
उन्हें इसका पता नहीं चला। कुछ ही मीटर आगे जाकर पता चला कि डोर के साथ उनकी बेटी का गला कट चुका था। इस हादसे में छह साल की खुशी बुरी तरह से जख्मी हो गई। गले से लगातार खून बह रहा था। उन्होंने मौके पर मौजूद कुछ लोगों की मदद से जब अपनी बच्ची को पास के ही एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, तो डाक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। डाक्टरों ने उन्हें बताया कि बच्ची की सांस नली कट चुकी थी।