इसके बाद वह अस्पताल के भीतर बने आपातकालीन चिकित्सक कक्ष में गई। वहां डॉ. मनरीत कौर अपने साथी चिकित्सकों और लोक संपर्क विभाग के एक अधिकारी के साथ बातचीत कर रही थीं। सपना भाटिया बोली, मैडम इसको अंदर डेड हाऊस में भेज दो ताकि पति की शिनाख्त कर सके। इस पर डॉ. मनरीत ने कहा, अब हमारे पास कुछ नहीं है। सब कुछ गुरु नानक अस्पताल भेज दिया गया है।
फिर डॉ. मनरीत कौर गीता की बात को अनसुना कर साथी अधिकारियों के साथ बात करने लगी कि हेल्थ मिनिस्टर आ रहे हैं, रास्ता खाली करवाओ। सब कुछ ठीक ठाक कर दो...लंगर वाले को बुलाओ.. अंदर सिर्फ 13 मरीज ही दाखिल है.. अब इतना लंगर क्यों ले आए हैं... मंत्री साहब आ रहे हैं। गीता टकटकी लगाए आशा से डॉ. मनरीत की तरफ देख रही थी कि शायद उसको पति के बारे में कुछ मदद मिल सके।
इसके बाद डॉ. मनरीत कौर उठकर ट्रामा वार्ड का निरीक्षण करने चली गईं, जहां कुछ देर बाद सेहत मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा आने वाले थे। सपना भाटिया गीता को समझाने लगी कि आपको अब गुरु नानक अस्पताल जाना पड़ेगा, यहां पर कुछ नहीं है। गीता को बस स्टैंड से अस्पताल तक लाने वाले राकेश कुमार ने बताया कि गुरु नानक अस्पताल मजीठा रोड पर है।
गीता को बैंच पर बैठा दिया गया और वह टकटकी लगाए सभी को देख रही थी। सुबह 11 बजे अमृतसर पहुंची गीता शाम 4.30 बजे सिविल अस्पताल में परेशान बैठी थी। कभी बच्चों को देखती तो कभी आने जाने वाले सब लोगों को। मंत्री आए और सीधे ट्रॉमा सेंटर में चले गए। छह मिनट बाद ट्रामा सेंटर से बाहर निकले तो सपना भाटिया ने हिम्मत कर गीता को उनके आगे कर दिया कि सर, इसका घरवाला नहीं मिल रहा। मोहिंदरा ने गीता की बात सुनी और अधिकारियों को आदेश दिया कि इनको गुरु नानक अस्पताल लेकर चले जाओ। इसके बाद मोहिंदरा निकल गए... पीछे से गीता टकटकी लगाकर उनको देखती रही।