नयागांव। गढ़वाल सभा के वरिष्ठ उप प्रधान प्रकाश चंद रमोला और संगठन सचिव जगत सिंह गुसाईं पर जानलेवा हमला करने वाले पर कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज सभा के सदस्यों ने नयागांव थाने का घेराव कर विरोध जताया है। 11 अक्तूबर शाम करीब साढ़े सात बजे घेराव कर सभा के सदस्यों ने आरोप लगाया कि आठ अक्तूबर को गढ़वाल सभा के भवन की दीवार लांघ कर दोनों पदाधिकारियों पर हमला किया गया। सभा के प्रधान गब्बर सिंह का कहना है कि हमले के बाद उन्होंने 112 नंबर पर तुरंत शिकायत की।
इसके बाद नयागांव थाने में शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे तो पुलिस ने सरकारी अस्पताल खरड़ से घायलों का मेडिकल करवाने के बाद मामला दर्ज करवाने की बात कही। आरोप लगाकर पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस घायलों को अस्पताल मेडिकल के लिए नहीं ले गई। इसके बाद 9 अक्तूबर को घायलों के बयान लिए गए। अभी तक पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नही की है। इन लोगों का कहना है कि हमलावर के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।