गैंगस्टर नवतेज भोला ने वीडियो वायरल करके पूर्व अकाली विधायक और अब कांग्रेस नेता महेशइंद्र सिंह निहाल सिंह वाला पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। वीडियो में गैंगस्टर ने वीडियों में कहा कि महेशइंद्र बाघापुराना के मौजूदा कांग्रेस विधायक दर्शन सिंह बराड़ और एक अन्य नेता का गैंगस्टरों से कत्ल करवाना चाहते थे।
वहीं महेशइंद्र ने भी वीडियो जारी कर सभी आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि उनका नाम जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए हाईकमान की सूची आया है। इस कारण उन्हें बदनाम करने के लिए यह राजनीतिक विरोधियों की साजिश है। इन सबके बीच कांग्रेस विधायक दर्शन सिंह बराड़ के समर्थकों ने मीटिंग कर महेशइंद्र को जिला प्रधान न बनाए जाने की मांग की है।
कौन है गैंगस्टर नवतेज भोला:
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नवतेज भोला गैंगस्टर सूची में शामिल है और उसके खिलाफ करीब 8 केस दर्ज थे। वहीं कई मामलों में सबूतों के अभाव में वह बरी भी हो चुका है।
बंबीहा से भी थे संबंध : गैंगस्टर
वायरल वीडियो में गैंगस्टर भोला ने कहा कि महेशइंद्र बाघापुराना के कांग्रेस विधायक दर्शन सिंह बराड़ और एक अन्य नेता का गैंगस्टरों से कत्ल करवाना चाहते थे। उनके और उनके बेटे धर्मपाल सिंह के गैंगस्टरों के गहरे संबंध हैं। बठिंडा पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर में मारे गए खतरनाक गैंगस्टर दविंदर बंबीहा का भी इनके घर आना जाना था। यह भी कहा कि महेशइंद्र बंबीहा को एक वारदात के बाद खुद कहीं छोड़कर भी आए थे।
मेरा नाम जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद की सूची में आने के बाद षड्यंत्र : महेशइंद्र
महेशइंद्र सिंह और उनके बेटे धर्मपाल सिंह व अन्य ने भी जवाबी वीडियो वायरल किया है। महेशइंद्र ने संपर्क करने पर कहा कि उनका नाम जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए हाईकमान की सूची में आने बाद उन्हें बदनाम करने के लिए राजनीतिक विरोधी साजिश रच रहे हैं। उनके विरोधी कुछ नेता अपने निजी लाभ के लिए नौजवानों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अपने पक्ष में वीडियो वायरल की है, उसमें सब कुछ स्पष्ट किया है। उन्होंने वीडियो में राज्य सरकार, प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की सीबीआई या अन्य एजेंसी से जांच कर दूध का दूध और पानी का पानी किया जाए। उनका दर्शन बराड़ या किसी अन्य नेता से कोई झगड़ा नहीं है।