मोहाली पुलिस ने हिमाचल प्रदेश में नैना देवी मंदिर के पास बदमाशों का एनकाउंटर किया। इसमें एक बदमाश की मौत की खबर है, वहीं दो गिरफ्तार किए गए हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के बदमाश थाना सोहाना के एरिया से कार स्नैच करके भागे थे। बदमाशों की पहचान जग्गू गैंग के सन्नी गुरदासपुर गोल्डी डेरा बाबा नानक व अमनपुरी चमकौर साहिब के रूप में हुई है।
इस आपरेशन की अगुवाई एसएसपी मोहाली कुलदीप सिंह चहल कर रहे थे, जबकि डीएसपी सिटी दो रमनदीप सिंह व सीआईए इंचार्ज तिरलोचन सिंह भी उनके साथ थे। जानकारी के मुताबिक, सोहाना से गन प्वाइंट पर गाड़ी स्नैच करने के बाद आरोपी अपनी कार से कुराली की तरफ भागे थे। यहीं से मोहाली पुलिस ने गैंगस्टरों का पीछा शुरू कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने मोहाली पुलिस पर गोलियां भी बरसाई।
हालांकि मोहाली पुलिस ने जवाबी कार्रवाई जारी रखी। साथ ही नैनादेवी के पास इन्हें दबोचकर घेर लिया। इस दौरान गैंगस्टरों ने फिर गोलियां बरसाई। जवाबी कार्रवाई करते हुए मोहाली पुलिस ने भी फायरिंग की। इस फायरिंग में एक गैंगस्टर की मौत हो गाई। वहीं, पकड़े गए बदमाशों पर सोहाना थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।