चंडीगढ़। जिला अपराध प्रकोष्ठ ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे दीपू बनूड़ के चचेरे भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दोनों के पास से एक-एक पिस्टल और कारतूस मिले हैं। आरोपियों की पहचान रवि कुमार निवासी बनूड़ बाल्मीकि बस्ती और संदीप उर्फ सोनू बुडै़ल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर हासिल किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को दीपू बनूड़ ने हथियार मुहैया करवाये थे।
जिला अपराध प्रकोष्ठ के प्रभारी नरेंद्र पटियाल को सूचना मिली थी कि दो लोग पिस्टल के साथ इदिरा कॉलोनी के पास घूम रहे हैं। इसके बाद एक टीम का गठन किया और मनीमाजरा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि रवि बनूड़ लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे दीपू बनूड़ के संपर्क में था। आरोपी रवि दीपू बनूड़ की मौसी का लड़का है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बुडै़ल जेल में सोनू शाह की मौत और मोंटी शाह के जेल में जाने के बाद वह बुडै़ल में अपना सिक्का जमाना चाहते थे। उनकी योजना थी कि वह बुडै़ल में होटल संचालकों को धमकाकर रुपये इकट्ठा करें।
रवि पेट्रोल पंप पर 50 हजार की कर चुका लूट
नरेंद्र पटियाल ने बताया कि रवि कुमार के खिलाफ दो केस दर्ज हैं। उसने खरड़ पेट्रोल पंप पर भी पचास हजार रुपये लूटे थे। वहीं आरोपी संदीप के खिलाफ भी चेक बाउंस का केस दर्ज है। वह तीन साल जेल में रहकर आया है। संदीप की जेल में भी दीपू बनूड़ से मुलाकात हुई थी।