कोर्ट में हुई लॉरेंस बिश्नोई की पेशी।
गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना की बीते दिनों मलोट स्काई मॉल के बाहर हत्या के मामले में बिश्नोई ग्रुप की ओर से जिम्मेदारी ली गई। मलोट पुलिस ने भरतपुर (जोधपुर) जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को मलोट लाकर स्थानीय अदालत में पेश किया। गौरतलब है कि गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना की मलोट में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बिश्नोई ग्रुप ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
इसके बाद से ही गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई पुलिस के निशाने पर आ गया था। लारेंस बिश्नोई काफी लंबे समय से राजस्थान के भरतपुर जेल में बंद था। मंगलवार को मलोट पुलिस उसे वहां की जेल से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड में लेने के लिए अदालत में पेशी को यहां लाई। उसे बुधवार को एसडीजेएफ मलोट शिवांगी संगर की अदालत में पेश कर पुलिस ने आठ दिन का रिमांड मांगा। पुलिस को चार दिन का रिमांड मिला। अब पुलिस चार दिन के इस रिमांड दौरान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से पूछताछ करेगी।
29 दिसंबर को उसे दोबारा मलोट अदालत में पेश किया जाएगा। एसएसपी राजबचन सिंह संधू ने बताया कि गैंगस्टर मनप्रीत मन्ना की हत्या के बाद से बिश्नोई ग्रुप की ओर से जिम्मेदारी लेने के बाद से संदेह की सुई गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई पर आ टिकी थी। उसे राजस्थान पुलिस की मदद से अदालत में पेशी पर मलोट लाया गया और चार दिन का रिमांड मिला है।
इस दौरान उससे हत्या संबंधी पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में हत्या संबंधी खुलासा होने की संभावना है। गौरतलब है कि गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई पर हत्या के कई केस चल रहे हैं। मलोट पेशी के दौरान भी पुलिस के सख्त सुरक्षा प्रबंध थे। लारेंस को राजस्थान पुलिस की गाड़ी में सख्त सुरक्षा प्रबंधों में सीधे अदालत लाया गया।