सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी व कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की दोबारा तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद शुक्रवार को जेल प्रशासन कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच गैंगस्टर को फरीदकोट मेडिकल कॉलेज ले गया। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच गैंगस्टर लॉरेंस को दिल्ली लेकर जाने की तैयारी में जुटी है। दिल्ली पुलिस ने बठिंडा पुलिस को एक वारंट भी भेजा है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर बिश्नोई के भांजे सचिन थापर को अजरबैजान से लाई है। सचिन थापर से की गई पूछताछ में पता चला है कि विदेश जाने के बाद लॉरेंस बिश्नोई से उसकी फोन पर कई बार बात हुई थी। इसके अलावा उसने कई और खुलासे किए हैं। यही वजह है कि दिल्ली पुलिस सचिन और लॉरेंस बिश्नोई को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करना चाहती है।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की एक टीम बठिंडा पहुंची थी। मगर सुरक्षा प्रबंध में कमी का हवाला देकर टीम को लौटा दिया गया है और किसी और दिन पूरे इंतजाम के साथ आने को कहा है। इस दौरान अचानक लॉरेंस बिश्नोई की सेहत बिगड़ गई और उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। बता दें कि इससे पहले भी 11 जुलाई की रात को लॉरेंस की सेहत बिगड़ गई थी और उसे फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया था।
मेडिकल अधीक्षक डॉ. शिलेख मित्तल ने कहा कि बठिंडा जेल प्रशासन ने लॉरेंस बिश्नोई का रूटीन मेडिकल चेकअप करवाया है। डॉक्टरों ने ब्लड टेस्ट और एमआरआई करवाई है और रिपोर्ट सामान्य होने पर वापस भेज दिया गया है।