न्यू ओपीडी बिल्डिंग में फंगल इंफेक्शन को लेकर पीजीआई प्रशासन ने विशेषज्ञों की राय भी ली है। इसमें विशेषज्ञों की टीम ने बिल्डिंग का निरीक्षण कर अलग-अलग कारण बताए हैं। इनमें मुख्य रूप से उस बिल्डिंग का सेंट्रलाइज एसी के लिए उपयुक्त न होना है। इसके अलावा दरवाजे और खिड़कियों का खुला रहना और आर्द्रता नियंत्रक उपकरण का न लगाया जाना भी शामिल है। इन्हीं कारणों से फंगल इंफेक्शन तेजी से फैल रहा है, जो साफ करने पर भी समाप्त नहीं हो रहा।
कमी छिपाने के लिए किए जा रहे कई प्रयास
न्यू ओपीडी बिल्डिंग के फंगल इंफेक्शन को छुपाने के लिए पीजीआई प्रशासन तमाम प्रयास कर रहा है। स्थिति यह है कि फंगल के कारण जिन कुर्सियों का रंग बदल जा रहा है, उसे हटवाकर नई कुर्सी लगा दी गई हैं। ओपीडी खुलने से पहले फंगल की सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया गया है। लेकिन अब वे भी इसे साफ करने में डरने लगे हैं।
न्यू ओपीडी में ड्यूटी करने वाले कर्मचारी बिल्डिंग में हो रहे फंगल इंफेक्शन से डरे हुए हैं। पीजीआई निदेशक को भी सूचना दी जा चुकी है, लेकिन बचाव कार्य के लिए अब तक क्या किया गया, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
-अश्वनी कुमार मुंजाल, अध्यक्ष, पीजीआई कर्मचारी संघ (गैर संकाय)
न्यू ओपीडी बिल्डिंग में फंगल इंफेक्शन की शिकायत लगातार मिल रही है। इस संबंध में शीघ्र ही बचाव कार्य किया जाएगा, ताकि डॉक्टरों, कर्मचारियों और मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो सके। -कुमार गौरव, डीडीए पीजीआई