आरएलए एक जुलाई से सीएच-01-एएच सीरीज के वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
इस सीरीज के वाहन चालकों को नंबर प्लेट लगवाने के लिए एक माह का समय दिया जाएगा। इसके बाद जो व्यक्ति एचएसआरपी नहीं लगाते हैं ट्रैफिक पुलिस उनके वाहनों के चालान काटना शुरू करेगी। अपने वाहन पर एचएसआरपी लगाने के लिए लोगों को अपने सेक्टर के अधीन आने वाले कार्यालय में जाना होगा।
ये लगाई जाएंगी एचएसआरपी
एचएसआरपी सेक्टर-17 स्थित आरएलए के अलावा सेक्टर-42 स्थित एसडीएम (साउथ) और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एसडीएम (ईस्ट) कार्यालय में लगाई जा रही हैं। अपने वाहन पर एचएसआरपी लगाने के लिए लोगों को अपने सेक्टर के अधीन आने वाले कार्यालय में जाना होगा।
यह डाक्यूमेंट जरूर लाएं
वाहन चालकों को हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए सादे कागज पर आवेदन करना होगा। इसमें उन्हें वाहन का चैसिस नंबर, इंजन नंबर, मेक और मॉडल लिखना होगा।
साथ ही इंश्योरेंस की कॉपी और आरसी की कॉपी भी आवेदन के साथ लगानी होगी। ध्यान रहे कि चंडीगढ़ प्रशासन ने उन सीरीज के वाहनों के चालान काटने शुरू कर दिए हैं, जिन सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगाने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। ऐसे वाहन चालकों को चालान का भुगतान कराने के लिए तीन हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।