प्रशासन की मंजूरी मिलते ही चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) ने अधिसूचना जारी करके दिव्यांगों को बड़ा तोहफा दे दिया। दिव्यांग अब नॉन एसी के साथ अब एसी बसों में भी निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यूटी प्रशासक प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी की मंजूरी मिलते ही ट्रांसपोर्ट विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
अब दिव्यांग को बस में चढ़ने से पहले यह नहीं देखना पड़ेगा कि उसका किराया लगेगा या नहीं। किसी भी बस में चढ़कर वह निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। पहले दिव्यांग केवल नॉन एसी बसों में ही निशुल्क यात्रा कर सकते थे। कई बार नॉन एसी बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। जिस कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
प्रशासन का यह फैसला दिव्यांगों की जिंदगी के सफर को थोड़ा आसान बनाएगा। अकेले चंडीगढ़ से करीब 15 हजार दिव्यांगों को इस फैसले का लाभ मिलेगा। लंबे समय से दिव्यांग यह मांग कर रहे थे। वह कई बार इसके लिए प्रशासन के अधिकारियों से गुहार लगा चुके थे। दिव्यांगों की मांग को वाजिब ठहराते ही सीटीयू ने उनकी बात मान ली। अब दिव्यांग की सीटीयू की 400 से अधिक बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगे।
दिव्यांग अनुकूल होंगी सभी इमारत
दिव्यांग को किसी भी सरकारी इमारत में आने-जाने की परेशानी न हो। इसके लिए सभी इमारतों को दिव्यांग अनुकूल बनाया जा रहा है। फिलहाल सोशल वेलफेयर विभाग की ऑडिट रिपोर्ट में 44 इमारतों में किसी न किसी तरह की दिक्कत मिली थी। किसी में दिव्यांग पार्किंग तो कहीं रैंप और शौचालयों की समस्या है। इन सब इमारतों को दिव्यांग अनुकूल बनाने के लिए आर्किटेक्ट और इंजीनियरिंग विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।