संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आकाशदीप सिंह निवासी रमदास ने पुलिस को बताया है कि उसने विदेश जाने के लिए ट्रैवल एजेंट रणवीर सिंह निवासी गुरु अमरदास एवेन्यू अमृतसर, कुलविंदर सिंह निवासी नेहरू कॉलोनी, मनदीप सिंह निवासी गोपाल नगर और सचिन शर्मा निवासी महिंद्र कॉलोनी बटाला रोड के साथ संपर्क किया था।
आरोपियों ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा किया और उससे 16 लाख रुपये लिए। पैसा लेने के बाद न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसके पैसे लौटाए। उल्टा आरोपी उसे धमकियां दे रहे हैं कि उसने पुलिस में शिकायत की तो अंजाम गंभीर होंगे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की गई। जांच के बाद थाना रमदास में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है।