पुलिस ने टीईटी (अध्यापक योग्यता टेस्ट) पास करवाने का झांसा देकर पैसे ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह दो लाख रुपये में टीईटी पास कराने का दावा करता था। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को काबू कर उनसे ठगी के दो लाख 40 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
वहीं गिरोह का मुख्य सरगना अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का दावा है कि गिरोह का संबंध हरियाणा के टोहाना क्षेत्र से जुडे़ हैं। वहीं से गिरोह का मुख्य सरगना इस काम अंजाम दे रहा है।
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने रविवार को यहां पत्रकारवार्ता में बताया कि एक होनहार छात्र ने उन्हें फोन करके बताया कि कुछ लोग टीईटी टेस्ट पास करवाने का झांसा देकर भोलेभाले लोगों से पैसे ऐंठ रहे हैं। इसके साथ ही होनहार छात्रों के हितों से खिलवाड़ कर रहे हैं।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर इस काम अंजाम दे रहे तीन आरोपियों रामकुमारी उर्फ विक्की मास्टर, संजय कुमार वासी मूनक और गगनदीप वासी पापड़ा को काबू किया है। इस दौरान उनसे से भोलेभाले लोगों से ठगे दो लाख 40 हजार रुपये बरामद किए हैं।
एसएसपी ने कहा कि हरियाणा के टोहाना शहर में एक कंप्यूटर सेंटर संचालक तरुण मेहता इस गिरोह का मुख्य सरगना है। जिला पुलिस की टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए रवाना हो चुकी है।