11वीं कक्षा में पहली, दूसरी और तीसरी काउंसलिंग में दाखिला नहीं पाने वाले 1700 स्टूडेंट्स का इंतजार अब खत्म हो गया है। सोमवार और मंगलवार को शिक्षा विभाग 582 सीटों पर दाखिला के लिए चौथी काउंसलिंग का आयोजन करने जा रहा है। तीसरी काउंसलिंग की तरह ही यह भी जीएमएसएसएस-10 में ऑफलाइन तरीके से होगी।
स्टूडेंट्स को सोमवार और मंगलवार को ऑनलाइन भरे फॉर्म और सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ जीएमएसएसएस-10 में सुबह पहुंचना होगा। चौथी काउंसलिंग में माइग्रेशन कराने या जिन स्टूडेंट्स ने ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरा है, उन स्टूडेंट्स को दाखिला नहीं दिया जाएगा। स्टूडेंट्स को पहले और दूसरे दिन 10वीं में हासिल किए प्रतिशत के हिसाब से बुलाया जाएगा।
इस बार लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग डेस्क लगाए जाएंगे। पिछली बार दो और तीन अगस्त को तीसरी काउंसलिंग के दौरान सीट नहीं पाने वाले स्टूडेंट्स ने हंगामा काफी किया था। स्टूडेंट्स पर काबू पाने के लिए पुलिस तक बुलानी पड़ी थी। विभाग इस बार सख्ती बरतेगा। पिछली बार के मुकाबले इस बार जीएमएसएसएस-10 में पुलिस का पहरा कड़ा रहने वाला है। किसी तरह का हंगामा न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग के आला अधिकारी भी नजर बनाए हुए हैं।
चौथी काउंसलिंग के बाद भी 1000 से ज्यादा स्टूडेंट्स को नहीं मिलेगा दाखिला
चौथी काउंसलिंग के बाद भी 1000 से ज्यादा स्टूडेंट्स 11वीं कक्षा में दाखिला पाने से वंचिंत रह जाएगें। अभी करीब 1700 ऐसे स्टूडेंट्स हैं, जिन्हें दाखिला नहीं मिला है। शिक्षा विभाग ने शहर के 40 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 582 सीटें बढ़ाई हैं। सिर्फ 582 स्टूडेंट्स को ही दाखिला मिलेगा। बाकी 1000 से ज्यादा स्टूडेंट्स को ओपन बोर्ड से मजबूरन पढ़ाई करना होगा। हालांकि, यह बात भी अहम है कि ओपन बोर्ड में 11वीं कक्षा का प्रावधान ही नहीं है, सिर्फ 12वीं कक्षा कराई जाती है। ऐसे में अगर इन बच्चों को स्कूलों में दाखिला नहीं मिलता है, तो इनका साल खराब होना तय है।