कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध में भागीदार होने वाले व्यक्ति का हुक्का-पानी बंद कर दिया जाएगा। खाप उस व्यक्ति का सामाजिक रूप से बहिष्कार करेगी और ऐसे अपराध में संलिप्त लोगों की जानकारी देने वालों को सम्मानित भी करेगी। चार राज्यों की 50 के करीब खाप पंचायतों ने यहां आयोजित महापंचायत में यह फैसला लिया। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली की खाप पंचायतों के नुमाइंदों ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने की शपथ ली और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का संकल्प भी लिया। खाप प्रतिनिधियों ने इस बात नाराजगी भी जताई कि कुछ लोग कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराई को एक बिरादरी से जोड़ कर देख रहे हैं, जबकि यह बुराई 36 बिरादरियों में है। महापंचायत में महिलाओं की भी दमदार उपस्थिति रही।
शहर की जाट धर्मशाला में 50 से ज्यादा खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों ने लगभग चार घंटे ‘बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ’ मुहिम पर चिंतन और मंथन किया। सर्व खाप महापंचायत की अध्यक्षता सतरोल खाप की महिला विंग की अध्यक्ष सुदेश चौधरी, सर्वजातीय सर्वखाप की महामंत्री जगवंती मलिक, 360 खाप पालम (दिल्ली) के प्रधान रामकरण और इमराण खाप प्रधान जयमल सिंह ने की। महापंचायत में खाप प्रधानों और प्रतिनिधियों ने कन्या भ्रूण हत्या को समाज के लिए कलंक बताते हुए इसे रोकने के सुझाव दिए। प्रधान रामकरण, जींद से बराह खाप प्रधान कुलदीप सिंह ढांडा, ढुल खाप प्रधान इंद्र सिंह ढुल, सतरोल खाप प्रधान इंद्र सिंह मोर, कंडेला खाप प्रधान व खाप पंचायत भारत के राष्ट्रीय संयोजक टेकराम कंडेला, सर्व खाप महापंचायत संयोजक ओमप्रकाश मान ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए जागरूकता अभियान के साथ कुछ कडे़ कदम उठाने की बात रखी।
कमेटियां करेंगी लोगों को जागरूक
सुझाव और नसीहतों के बीच निर्णय लिया कि जो व्यक्ति कन्या भ्रूण हत्या करेगा उसका हुक्का-पानी बंद कर सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। कन्या भ्रूण हत्या की जानकारी देने वाले को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही यह फैसला लिया कि सभी खाप प्रधान, प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में जाकर कमेटियां बनाएंगे जो न केवल ग्रामीणों को जागरूक करेंगी बल्कि कन्या भ्रूण हत्या कराने वालों पर भी नजर रखेंगे। इस फैसले का सभी खाप प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर अनुमोदन किया।
गोहत्या पर हो 10 साल की कैद
पंचायतों ने गोहत्या करने वाले को 10 साल कैद और एक लाख जुर्माने की तर्ज पर कन्या भ्रूण हत्या करने वालों को भी ऐसी सजा का प्रावधान करने की मांग की। महापंचायत संयोजक ओमप्रकाश मान ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या रोकना आज समाज की जरूरत है। लगभग सभी गांवों में युवा कुंवारे हैं और उन्हें ढूंढे से भी लड़कियां नहीं मिल रही। अब जिसने कन्या भ्रूण हत्या की उसका हुक्का-पानी बंद कर सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। यह खापों के अनुसार बहुत बड़ी सजा है।
अमर उजाला की मुहिम को सराहा, मिला सम्मान
खाप महापंचायत के मंच से अमर उजाला की मुहिम ‘बेटी ही बचाएगी’ को खूब सराहा गया और अमर उजाला समूह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। साथ ही अमर उजाला की इस मुहिम को अपने समर्थन का भी ऐलान किया। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि सभी को ऐसी मुहिम चलाने की जरूरत है। अमर उजाला बेटियों की बेहतरी के लिए जो प्रयास कर रहा है, वे काबिले तारीफ है। जींद से बराह खाप प्रधान कुलदीप सिंह ढांडा, ढुल खाप प्रधान इंद्र सिंह ढुल, सतरोल खाप प्रधान इंद्र सिंह मोर, कंडेला खाप प्रधान व खाप पंचायत भारत के राष्ट्रीय संयोजक टेकराम ने कहा कि अमर उजाला की मुहिम में वे भी सहयोग करेंगे।
सुदेश चौधरी सर्व खाप की महिला संयोजक
सतरोल खाप की पहली महिला विंग अध्यक्ष सुदेश चौधरी को सर्व खाप की महिला संयोजक नियुक्त किया गया। करीब 15 साल से कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए प्रयासरत सुदेश चौधरी ने बताया कि उनकी सतरोल खाप में अब तक कोई भ्रूण हत्या नहीं हुई। उनकी प्लानिंग है कि हर गांव में एक 10-12 महिलाओं की कमेटी बनाई गई है, जो गर्भवती महिलाओं पर पूरी नजर रखती है।
अब तक यह काम सतरोल खाप के तहत होता था। अब सभी खापों के प्रतिनिधियों से तालमेल कर सभी गांवों में कमेटियां बनाकर कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए प्रयास किए जाएंगे। हमारा प्रयास घरों में बंद महिलाओं को जागरूक करने का रहेगा। महिलाएं ही कन्या भ्रूण हत्या रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।