समाना-चीका रोड पर पराली जलाने से फैले धुएं कारण बाइक सवार आगे आ रहे लावारिस पशु को देख नहीं पाया और पशु से जा टकराया। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। सिटी समाना पुलिस ने मामले में धारा 174 तहत कार्रवाई की है।
जांच अधिकारी थानेदार चमकौर सिंह ने बताया कि कुलदीप सिंह (31) निवासी गांव मवीकलां अपनी बहन की सास मूर्ति (61) निवासी गांव सौंदेवाल जिला पटियाला के साथ करहाली साहिब गुरुद्वारा से माथा टेककर सोमवार देर शाम वापस गांव सौंदेवाल जा रहा था।
रास्ते में गांव घियौरा के बस स्टैंड के पास समाना-चीका रोड पर पराली को जलाने कारण फैले धुएं के चलते कुलदीप सिंह सामने से आ रहे लावारिस पशु को देख न सका और उससे जा टकराया। इस हादसे में मूर्ति की मौत हो गई, जबकि कुलदीप सिंह घायल हो गया। कुलदीप को अस्पताल में दाखिल कराया गया।