हरियाणा के लिए भुवनेश्वर से ऑक्सीजन टैंकर एयरलिफ्ट करवाए गए।
- फोटो : ANI
हरियाणा में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सरकार ने भुवनेश्वर से एयरलिफ्ट से ऑक्सीजन के चार टैंकर एयरलिफ्ट करवाए हैं। इनमें से दो टैंकर गुरुवार को और दो शुक्रवार को एयरलिफ्ट कराए गए हैं । भुवनेश्वर के अंगुल टाटा प्लांट से ऑक्सीजन के टैंकर कल पहुंच जाएंगे।
गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर बैठक की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ऑक्सीजन के चार टैंकर राउरकेला प्लांट से और पहुंच रहे हैं। उसके बाद हरियाणा में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध होगी। सीएम के विशेष आग्रह पर केन्द्र की तरफ से हरियाणा का कोटा 70 मीट्रिक तक बढ़ाकर कुल 232 मीट्रिक टन कर दिया गया है।
हरियाणा सरकार ने ऑक्सीजन कोटा 300 एमटी प्रतिदिन करने की मांग की थी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव निपुण विनायक ने हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा को पत्र लिखकर कोटा बढ़ाने की जानकारी दी थी। अभी प्रदेश को रोजाना 162 एमटी ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही थी, ऑक्सीजन का यह स्टॉक कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए कम पड़ रहा था।
हरियाणा को रुड़की, भिवाड़ी इत्यादि प्लांटों से बढ़े हुए कोटे की ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। पानीपत प्लांट से 100 एमटी, जिंदल स्टील प्लांट हिसार से 7 एमटी, लिंडे राउरकेला प्लांट से 30 एमटी, टाटा प्लांट एंगुल से 40 एमटी, भिवाड़ी प्लांट से 20 एमटी, रुड़की प्लांट से 25 एमटी, एमएसएमई से 10 एमटी ऑक्सीजन मिलनी थी।