सेक्टर-23 के रेस्टोरेंट मालिक ने ईमानदारी की एक मिसाल पेश की है। उन्हें शनिवार को अपने रेस्टोरेंट के सामने ज्वेलरी से भरा एक पर्स मिला। पर्स में करीब चार लाख रुपये की कीमत की ज्वेलरी थी। कोरोना संकट में इतनी बड़ी राशि की ज्वेलरी देखकर किसी का भी मन डोल सकता है लेकिन रेस्टोरेंट मालिक ने पर्स के मालिक का पता लगवाया ओर पर्स वापस किया। उनकी इस ईमानदारी की चर्चा पूरी मार्केट में है।
सेक्टर-23 में पिज्जा सेलर नाम का रेस्टोरेंट चलाने वाले अमनदीप सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी नजर रेस्टोरेंट के बाहर गिरे एक पर्स पर पड़ी। उनके कर्मचारी ने पर्स खोला तो उसमें सोने का एक मंगलसूत्र, अंगूठी, सोने की एक पत्ती व अन्य सामान पड़ा था, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये होगी।
सेक्टर-23 में सुनारों की एक बड़ी मार्केट है। यहां से कई बड़े ज्वेलर्स अपना सामान बनवाते हैं। अमनदीप ने एक ज्वेलरी शॉप से कर्मचारी को बुलाया और पर्स के बारे में जानकारी दी। साथ ही कहा कि जिसका हो, उसे दुकान पर ले आना। कुछ ही देर बाद कई ज्वेलर्स वहां पर पहुंच गए और पर्स की जानकारी हासिल की। इनमें से एक व्यापारी ने बताया कि उनके यहां से डड्डूमाजरा का एक ज्वेलर आया था, जिसका पर्स कहीं गिर गया है। फिर उसे बुलाया गया।
अमनदीप ने उससे पर्स के अंदर सामान के बारे में पूछा तो उसने सही जानकारी दे दी। उसके बाद उसे पर्स लौटा दिया गया। मार्केट प्रधान नरेश महाजन ने बताया कि युवा रेस्टोरेंट मालिक अमनदीप ने काबिले तारीफ काम किया है। कोरोना की वजह से हर व्यापारी परेशान है। ऐसे वक्त में अमनदीप ने युवाओं के सामने एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।