पूर्व कृषि मंत्री व शिअद नेता जत्थेदार तोता सिंह (81) का शनिवार सुबह निधन हो गया। मोहाली के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अधिकारिक जानकारी के अनुसार लंबे समय से जत्थेदार तोता सिंह बीमार चल रहे थे और सांस की तकलीफ के कारण शनिवार सुबह करीब 4:40 बजे उनका निधन हो गया।
तोता सिंह के पीए दीदार सिंह ने बताया कि 24 मई को सुबह 11 बजे जत्थेदार तोता सिंह का अंतिम संस्कार उनकी रिहायश गांव दुन्नेके में किया जाएगा। वहीं पिता की मौत का पता चलने पर तोता सिंह की छोटी बेटी व बेटा विदेश से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। जत्थेदार तोता सिंह के निधन पर शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने शोक जताया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी ट्वीट कर जत्थेदार तोता सिंह को श्रद्धांजलि दी है। इसके अलावा जत्थेदार के घर पर शिअद कार्यकर्ताओं का तांता लग गया है। चंडीगढ़ में जत्थेदार के घर पर शनिवार को सुबह एसजीपीसी प्रधान भी उनके परिवार के साथ शोक व्यक्त करने के लिए पहुंचे।
विकास के मसीहा कहलाते थे तोता सिंह
बता दें कि मोगा के गांव दीदारेवाला के रहने वाले जत्थेदार तोता सिंह शिअद के वरिष्ठ उप प्रधान थे। वहीं शिअद सरकार में उन्हें दो बार कैबिनेट मंत्री का पद मिला। पंजाब सरकार में बतौर शिक्षा मंत्री और फिर कृषि मंत्री के पद पर रहे जत्थेदार तोता सिंह विकास के मसीहा कहलाते थे। पहली बार वह 1997 में मोगा विधानसभा हलका से चुनाव जीते थे और बादल सरकार ने उन्हें शिक्षा मंत्री के पद से नवाजा था। मोगा विधानसभा हलके से दो बार और धर्मकोट विधानसभा हलके से एक बार चुनाव जीतकर बादल सरकार में जत्थेदार तोता सिंह ने दो बार कैबिनेट मंत्री का रैंक हासिल किया। शिक्षा मंत्री का पद मिलने के बाद जत्थेदार तोता सिंह ने राज्य में आतंकवाद से सबसे अधिक प्रभावित मोगा में विकास की ऐसी पटकथा तैयार की कि लोग आज भी उन्हें याद करते हैं। गौर रहे कि मोगा में पांच मंजिला बना प्रबंधकीय कांप्लेक्स, जिसका नाम पांच दरियाओं के नाम से रखा गया, वह भी जत्थेदार तोता सिंह की ही देन है।
वड़िंग और कैप्टन ने जताया शोक
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि वयोवृद्ध अकाली नेता, जत्थेदार तोता सिंह जी के दुखद निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। वहीं पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मेरी संवेदनाएं पूर्व कृषि मंत्री जत्थेदार तोता सिंह जी के परिवार के साथ हैं जिनका आज निधन हो गया। मैं वाहेगुरु जी से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।