पूर्व मंत्री गुरविंदर सिंह अटवाल की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्व मंत्री गुरविंदर सिंह अटवाल का मंगलवार को निधन हो गया है। उन्होंने श्रीनगर के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। अटवाल अपने रिश्तेदारों से मिलने विमान से श्रीनगर जा रहे थे। उन्हें खून की उल्टियां आने लगीं। आशंका है कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था।
श्रीनगर पहुंचते ही अटवाल को एक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह बहुत दुखद है। भगवान उनकी आत्मा को अपने चरणों में निवास बख्शे। पूर्व मंत्री अवतार हेनरी ने भी दुख प्रकट किया है। वहीं विधायक राणा गुरजीत सिंह समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।
2017 विधानसभा चुनाव के दौरान गुरविंदर सिंह अटवाल के टिकट को लेकर पार्टी में खूब घमासान हुआ था। उन्हें पहले नकोदर से टिकट के लिए हाईकमान से हरी झंडी मिली थी लेकिन वहां पर पूर्व विधायक अमरजीत सिंह समरा ने विघ्न डाल दिया था। पार्टी ने भुलत्थ के करीब 10 दावेदारों को दरकिनार कर उन्हें वहां से टिकट दिया था। पूर्व सीएम बेअंत सिंह के कार्यकाल में वह संसदीय सचिव बने थे।