विजिलेंस के सामने पेश हुए मनप्रीत बादल।
- फोटो : संवाद
बहुचर्चित प्लाट घोटाले में नामजद पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल सोमवार को फिर से विजिलेंस के सामने पेश हुए। विजिलेंस अधिकारी डीएसपी कुलवंत सिंह ने एक घंटे से अधिक समय तक बादल से करीब 15 सवाल पूछे। कुछ के जवाब बादल ने दे दिए और कुछ सवालों को लिख लिया जिनका जवाब अगली पेशी पर देने के लिए कहा गया।
पेशी के बाद बाहर आकर मनप्रीत बादल ने कहा कि विजिलेंस उनको जितनी बार भी बुलाएगी वो जांच में शामिल होने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि उन पर जो केस दर्ज किया गया, वह सरकार ने अपनी नाक का सवाल बनाकर दर्ज किया गया है। बादल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने पंजाब खडा करने के लिए आप सरकार को मौका दिया था। लेकिन सरकार राजनीतिक रंजिश के तहत काम कर रही है।
विजिलेंस के डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल से प्लाट के एग्रीमेंट की असल कॉपी ली गई है। इसके अलावा प्लॉट खरीदने को लेकर जो पैसे ट्रांसफर किए गए थे, उसके बारे में सवाल पूछे गए थे। डीएसपी ने बताया कि पिछली पेशी पर बादल से कई सवाल पूछे गए थे,जिनके आज बादल द्वारा जवाब दिए गए हैं। इसी तरह आज भी बादल कुछ सवाल लिखकर ले गए हैं, जिनका जवाब अगली पेशी पर देंगे।
डीएसपी ने बताया कि बीडीए अधिकारियों के साथ हुई बातचीत के रिकॉर्ड के बारे में और उनके साथ मिलीभगत संबंधी भी बादल से सवाल पूछे गए थे। इन सभी सवालों समेत करीब 15 सवाल मनप्रीत बादल से पूछे गए थे।
डीएसपी ने बताया कि मनप्रीत बादल ने प्लाट खरीदने एवं उस पर मकान बनाने के लिए सरकार से किसी तरह की कोई मंजूरी नहीं ली थी। उन्होंने बताया कि उक्त मामले में ही नामजद किए गए शराब कारोबारी जसविंदर सिंह जुगनू एवं सीए संजीव कुमार को विजिलेंस ने 22 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।