सेवानिवृत्त आईएएस विजय वर्धन बने मुख्य सूचना आयुक्त।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव व सेवानिवृत्त आईएएस विजय वर्धन नए मुख्य सूचना आयुक्त बन गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा निवास में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई है। वहीं सूचना आयुक्त के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस एसएस फुलिया ने शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में अनेक मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बुधवार को चंडीगढ़ में सर्च और वैधानिक समिति की बैठक में दोनों के नाम पर मुहर लगा दी थी।
बता दें कि मुख्य सूचना आयुक्त का पद सेवानिवृत्त डीजीपी यशपाल सिंघल का कार्यकाल 23 मार्च को ही पूरा होने पर खाली हुआ था। 27 अप्रैल 2017 को इस पद पर उनकी नियुक्ति हुई थी। अब पूर्व आईएएस विजय वर्धन इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। वर्धन बीते वर्ष ही मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
एसएस फुलिया की सेवानिवृत्ति भी बीते वर्ष ही हुई है। फुलिया की पत्नी रेणु फुलिया भी हरियाणा में बतौर आईएएस सेवाएं दे रही हैं। सरकार ने मुख्य सूचना आयुक्त व राज्य सूचना आयुक्त के खाली पदों को भरने के लिए इसी माह सर्च और वैधानिक समिति का गठन किया था। समिति ने दोनों पदों के लिए आए आवेदनों की छंटनी के बाद वर्धन व फुलिया के नाम पर मुहर लगाई थी।
बीते फरवरी महीने में दोनों पदों के लिए इच्छुक और योग्य व्यक्तियों से आवेदन मांगे गए थे। सर्च कमेटी में चेयरमैन मुख्य सचिव संजीव कौशल के अलावा दो अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद और सुधीर राजपाल शामिल रहे। इस समिति ने प्राप्त आवेदनों की छंटनी कर उपयुक्त नाम वैधानिक समिति को भेजे थे। उसके चेयरमैन मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सदस्य शिक्षा मंत्री कंवर पाल और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त दोनों के नाम तय किए। अब भी आयोग में तीन सूचना आयुक्तों के पद खाली हैं।