पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा 59 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आगे मित्तल ने कहा कि भाजपा ने इन 59 सीटों का चयन भी कर लिया है और तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि वह यह एलान निजी तौर पर नहीं बल्कि पार्टी प्रवक्ता की हैसियत से कर रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि रोपड़ की दो सीटों पर भी भाजपा चुनाव लड़ेगी। श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र तो पहले ही भाजपा के पास है, जबकि अब भाजपा ने रोपड़ सीट पर दावा ठोका है। मित्तल ने कहा कि जिले की तीन सीटों में से श्री चमकौर साहिब से अकाली दल चुनाव लड़ेगा। क्या अकाली दल के साथ इस संबंध में कुछ तय हुआ या इस पर शिअद नहीं माना तो, इस सवाल पर मित्तल ने कहा कि उन्होंने तैयारी कर ली है, जबकि ‘जे तो कंवारी’ ही है। मतलब यह है कि भाजपा ने तैयारी कर ली है, शिअद नहीं माना तो न माने, भाजपा शिअद को दरकिनार करने को तैयार है।
यह भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन, सोनू सूद, करीना, मिल्खा, हरभजन समेत कई शख्सियतों ने गाया ‘मिशन फतेह’
वहीं मित्तल ने कहा कि कोरोना वायरस के दौर में केंद्र सरकार की ओर से पंजाब को भेजी गई राहत लोगों तक नहीं पहुंची है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोपड़ की डीसी और श्री आनंदपुर साहिब की एसडीएम को भी शिकायत की थी, जिसके बाद मसला हल हुआ। मित्तल ने केंद्र से आई राहत की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है।
अगर अब जांच न हुई तो पंजाब में उनकी सरकार आने पर यह जांच करवाई जाएगी। मित्तल ने पंजाब में शराब तथा माइनिंग कारोबारियों को दी गई राहत को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए और कहा कि छोटे दुकानदारों व अन्य छोटे कारोबारियों को कोई राहत नहीं दी गई है।