गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड पर बड़ा खुलासा किया है। जेल से एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उसने दावा किया है कि सिद्धू मूसेवाला उसके विरोधी गैंग को सपोर्ट करता था। मूसेवाला ने उसके भाइयों विक्की मिड्डूखेड़ा और गुरलाल बराड़ को मरवाया था। पहले उसे समझाया था लेकिन वह नहीं माना। इसी खुन्नस में उसकी हत्या की गई थी।
गोल्डी बराड़ ने फोन पर उसकी हत्या की साजिश रची थी। हथियार यूपी के तस्कर इमरान खुर्जा से मंगवाए थे। उसने बताया कि शराब ठेकेदारों से वसूली गई रंगदारी का पैसा मूसेवाला की हत्या में खर्च किया गया। 29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा में सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर लगा था।
यह भी पढ़ें:
आए दिन उसके नाम पर व्यापारियों से मांगी जा रही रंगदारी पर उसने कहा कि चार पांच साल से उसने कोई फिरौती नहीं मांगी है। उसने कहा कि सिद्धू की हत्या को ऐसे बताया जा रहा है कि यह पहली मौत हुई है। उसका कहना है कि मूसेवाला जब उसके समर्थकों की हत्या करवा रहा था तो पुलिस उसके साथियों पर एफआईआर दर्ज करती थी। सिद्धू कोई समाजसेवी तो था नहीं। उसके पंजाब के कई नेताओं से अच्छे संबंध थे।
गोल्डी चला रहा है गैंग
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने खुलासा किया है कि उसका गैंग अब गोल्डी बराड़ ऑपरेट कर रहा है। मेरे सभी साथी उसके संपर्क में हैं। उसने बताया कि सचिन उसका भांजा है और गोल्डी उसका छोटा भाई है।