चंडीगढ़ में मूसलाधार बारिश
बीते दो दिन से हो रही बारिश से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि रात का तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि सोमवार को भी बारिश की संभावना है। सोमवार रात से मानसून कमजोर होगा। उसके बाद बारिश की रफ्तार रुकेगी।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक दो दिन में चंडीगढ़ में कुल 90 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है। प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक दो सिस्टम एक्टिव होने से बारिश हुई है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस और दूसरा बंगाल की खाड़ी से उठने वाली हवाओं की दिशा उत्तर पश्चिम से दक्षिण पूर्व की ओर बदलने से। वेस्टर्न डिस्टरबेंस पाकिस्तान के कुछ हिस्से और उससे सटे जम्मू कश्मीर के आसपास स्थित है। सोमवार रात से यह सिस्टम कमजोर पड़ने लगेगा।
मानसून सीजन की आखिरी बारिश
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि इस बारिश के बाद मानसून सीजन समाप्त हो जाएगा। मानसून सीजन एक जून से 30 सितंबर तक रहता है। उसके बाद बारिश का ठहराव होगा। आगे जो भी बारिश होगी, वह वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से ही होगी। अधिकारियों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के आगे भी एक्टिव रहने की संभावना है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी मानसूनी सिस्टम सोमवार को भी एक्टिव रहेगा। इससे चंडीगढ़ सहित पंचकूला और मोहाली में भी अच्छी बारिश के आसार हैं। 25 अक्तूबर को यह कमजोर पड़ेगा। इससे बारिश बंद हो जाएगी। मंगलवार से तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 26 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकेगा।
सुखना झील का बढ़ा जल स्तर
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश थमने के बाद एक बार फिर से दिन का तापमान बढ़ेगा। हालांकि रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है। 18 अक्तूबर से शहर में गुलाबी ठंड की दस्तक होगी। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इस बार सर्द मौसम थोड़ा लंबा हो सकता है। पिछली बार अक्तूबर के आखिरी हफ्ते से तापमान में गिरावट शुरू हुई थी।
किस साल कितनी बारिश
साल कुल बारिश कम/ज्यादा
2010 1165.5 एमएम 38 फीसदी ज्यादा
2011 772.9 एमएम आठ फीसदी कम
2012 801.5 एमएम पांच फीसदी कम
2013 792.8 एमएम छह फीसदी कम
2014 599.2 एमएम 29 फीसदी कम
2015 548.3 एमएम 35.5 फीसदी कम
2016 456.9 एमएम 45.8 फीसदी कम
2017 752.8 एमएम 10 फीसदी कम
2018 895.2 एमएम दस फीसदी ज्यादा