चंडीगढ़ के इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित शहर के सबसे बड़े मॉल एलांते मॉल (नेक्सस एलांते) एक बार फिर विवादों में आ गया है। इससे दो दिन पहले एलांते मॉल में टॉय ट्रेन के पलटने से उसमें बैठे 11 साल के बच्चे की मौत हुई थी। इस घटना के बाद एलांते मॉल एक बार फिर से विवादों में है। इस बार मामला मॉल में बने फूड कोर्ट का रास्ता बंद करने का है। बुधवार सुबह जब दुकानदार मॉल में पहुंचे तो फूड कोर्ट का रास्ता बंद था और कोई जवाब देने के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद मामला थाने में पहुंचा और दुकानदारों ने मॉल मैनेजमेंट के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी।
जानकारी के मुताबिक अयान फूड्स की फर्म ने एलांते मॉल में फूड कोर्ट 9 साल के लिए लीज पर लिया था। लेकिन, कोरोना महामारी के दौरान फर्म ने मॉल मैनेजमेंट के पास इसका पैसा जमा नहीं करवाया। वर्ष 2022 में मॉल मैनेजमेंट की तरफ से इस फूड कोर्ट का रास्ता बंद कर दिया गया था, जिसके बाद यह मामला कोर्ट तक पहुंचा। अदालत ने फर्म को 2 अगस्त 2024 तक 6 करोड़ रुपए जमा करने का आदेश दिया है। लेकिन फर्म संचालक पुनीत गुप्ता ने पैसे जमा करवाने के बजाए इस फूड कोर्ट को मॉल के लिए सरेंडर कर दिया है।
इसके बाद दुकानदार हर महीने अपना किराया फर्म के पास जमा करवाते रहे। इसी बीच बुधवार सुबह मॉल मैनेजमेंट ने फूड कोर्ट की सारी दुकानों को खाली करवाने के मकसद से इसका रास्ता ही बंद कर दिया। इसके चलते सारे दुकानदार एकत्र हुए और इंडस्ट्रीयल थाने में मैनेजमेंट के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद पुलिस इन दुकानदारों के साथ मॉल में पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं होने के कारण यह मामला अधर में ही लटका है।