चंडीगढ़। आपकी सुरक्षा आपके हाथों में है। वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करें। खुद सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। यह बात चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की इंस्पेक्टर डॉ. प्रवेश शर्मा ने कही। वह गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-37बी में वीरवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक रूल्स एक इंसान के जीवन में कितना महत्व रखते हैं। इसके साथ ही ट्रैफिक रूल तोड़ने पर मिलने वाले सजा और चालान से भी अवगत कराया गया। इस दौरान बच्चों से ट्रैफिक नियमों के बारे में सवाल किए गए तो उन्होंने उत्सुकता से उनके जवाब भी दिए। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस या अन्य स्टाफ मेंबर में सब इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल हरज्ञान और वॉलियंटर जेपी शर्मा भी उपस्थित रहे। वहीं, स्कूल की वाइस प्रिंसिपल प्रवीण अरोड़ा भी मौजूद रहीं।
वॉट्सएप नंबर पर दे सकते हैं जानकारी
इंस्पेक्टर डॉ. प्रवेश शर्मा ने बच्चों को बताया कि चंडीगढ़ पुलिस का व्हाट्सएप नंबर 97795-80985 है। इस पर कोई भी व्यक्ति या विद्यार्थी सड़क सुरक्षा या जीवन सुरक्षा से संबंधित मामले की जानकारी फोटो खींचकर भेज सकता है। अगर कोई व्यक्ति ट्रैफिक नियमों की अवहेलना कर रहा है, किसी सड़क पर साइन बोर्ड खराब है और सड़क पर गड्ढे हैं तो इनकी फोटो खींचकर आप वॉट्सएप नंबर पर भेज सकते हैं।
गाने के जरिये किया जागरूक
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने एक गाने के जरिये बच्चों को जागरूक किया। इसके बोल थे... सड़कों के संकेत, इनमें मिलते हैं सड़क सुरक्षा के भेद...। वहीं, अन्य ट्रैफिक पुलिस कर्मियों राहुल और प्रदीप ने बच्चों को बताया कि 18 वर्ष की उम्र में ही लाइसेंस बनवाना होगा। वहीं, चार वर्ष की उम्र से बच्चे को हेलमेट डालना अनिवार्य है। हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं डालना चाहिए बल्कि अपने और अपने शहर की सुरक्षा के लिए जरूर पहनना चाहिए।
बच्चों को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम में सवाल जवाब में बेहतर है प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किताब भेंट देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कृत किए जाने वाले बच्चों में कक्षा 10वीं केअध्ययन शर्मा, प्राची, गौरव और आरव शामिल हैं।