यहां मोहाली के डेराबस्सी में गुलमोहर हाउसिंग सोसायटी में पानी भरने से लोगों को निकालने के लिए बोट मंगवानी पड़ीं। रोपड़, नवांशहर, फिरोजपुर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। चंडीगढ़ में सुखना लेक के दोनों फ्लड गेट खोलने पड़े। लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब के पास दरिया का जलस्तर बढ़ने से फंसे 50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
पंजाब में सोमवार को भी भारी बारिश की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पांच उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। बाढ़ के कारण रोपड़-नंगल रेल ट्रैक उखड़ गया है। फिरोजपुर में भी ट्रैक पानी में डूबने ने ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। भारत-पाक सीमा की फेंसिंग भी टूट गई। फतेहगढ़ में रेलवे क्वार्टरों में पानी भर गया है। होशियारपुर में भी प्रशासन ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। मोगा में मोगा-जालंधर मार्ग का एक हिस्सा बह गया है। नदी और नहरों के किनारे बसे लोगों को अलर्ट किया है।
हिमाचल को जोड़ने वाला चक्की पुल बंद
पठानकोट में उज्ज दरिया उफान पर होने के कारण अलर्ट घोषित किया गया है। हिमाचल को जोड़ने वाले चक्की पुल को बंद कर दिया गया है। बारिश को देखते हुए पंजाबी यूनिवर्सिटी ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। कपूरथला में तीन दर्जन गावों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। यहां गांव कालू वाला में पानी भर गया। लुधियाना के बुड्ढा नाले में उफान से पानी घरों में घुस गया। अमृतसर के गांव मुच्छल में भारी बारिश के कारण मकान की छत गिरी गई। यहां एक महिला और तीन बच्चियां बाल-बाल बचीं।
Punjab Weather Update:
- फोटो : अमर उजाला
सीएम ने सभी मंत्री, विधायक, अफसर मैदान में उतारे
इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी मंत्रियों, विधायकों, डीसी व एसएसपी समेत सभी अफसरों को जनता के बीच जाने का निर्देश दिया है। उन्हें तत्काल लोगों को राहत पहुंचाने को कहा गया है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति विभाग को भी खाने के पैकेट तैयार करने को कहा गया है।
अमित शाह ने मान से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की और भारी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने दोनों राज्यों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया है।
भूस्खलन-पेड़ गिरने से कालका-शिमला मार्ग पर सभी ट्रेनें रद्द
भारी बारिश की वजह से कालका-शिमला रेलमार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होने और पेड़ गिरने की वजह से सभी अप और डाउन ट्रेनों को रविवार के लिए रद्द कर दिया गया। सैलानी सड़क मार्ग से शिमला के लिए रवाना हुए। उधर रेलवे कर्मचारी ट्रेन मार्ग को साफ करने में जुटे थे। कालका रेलवे स्टेशन के अधीक्षक सीताराम मीणा ने बताया कि कालका-शिमला ट्रैक पर जगह-जगह भारी मात्रा में मलबा आया है।