-साल 2022-23 में कुल 19521 तो साल 2023-24 में 21648 विमानों की आवाजाही हुई दर्ज, यह आंकड़ा पिछले पांच साल में सबसे अधिक
-
हरीश शर्मा, अमृतसर
श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगातार उड़ानों की संख्या बढ़ रही है। विभिन्न एयरलाइन कंपनियां यहां फ्लाइट का संचालन कर रहीं हैं। साल 2023-24 में 2022-23 के मुकाबले घरेलू व अंतरराष्ट्रीय विमानों में 10.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह आंकड़ा पिछले पांच सालों में सबसे अधिक रहा।
इससे न केवल एयरलाइन कंपनियों के रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई है, बल्कि एयरपोर्ट पर यात्रियों का फुटफाॅल बढ़ने से अथाॅरिटी को भी फायदा हुआ है। वहीं, विमानों का परिचालन बढ़ने के कारण देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों सहित पंजाब, हिमाचल आदि से बड़ी संख्या में जाने वाले विद्यार्थियों को भी काफी फायदा मिल रहा है। एयरपोर्ट अथाॅरिटी के आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2023-24 में एक अप्रैल 2023 से लेकर 31 मार्च 2024 तक अंतरराष्ट्रीय विमानों के परिचालन में 22.9 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि घरेलू विमानों की संख्या में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। साल 2022-23 में 4585 अंतरराष्ट्रीय विमानों का परिचालन हुआ, जबकि साल 2023-24 में फरवरी महीने तक 5634 विमानों का परिचालन हुआ। इसी तरह घरेलू विमानों की संख्या 2022-23 में 14936 और साल 2023-24 में 16014 रही। साल 2023 के मार्च महीने में 454 अंतरराष्ट्रीय विमानों का परिचालन हुआ था, जबकि साल 2024 के मार्च महीने में यह संख्या बढ़ कर 517 हो गई। इसी तरह मार्च 2023 में 1343 घरेलू विमानों का परिचालन हुआ था, जबकि मार्च 2024 में यह संख्या बढ़कर 1487 दर्ज की गई थी।
चंडीगढ़, मलेशिया, शिमला, कुल्लू, श्रीनगर आदि के लिए फ्लाइट्स
श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार पर्यटकों का रुझान बढ़ने के कारण एयरलाइन कंपनियों की ओर से अभी अपनी विभिन्न रूटों पर फ्लाइट्स शुरू की गईं हैं। साल 2023-24 में घरेलू उड़ान में दिल्ली, मुंबई, श्रीनगर, लखनऊ, शिमला, कुल्लू, देहरादून, चंडीगढ़ आदि के लिए नई फ्लाइट्स शुरू हुईं। वहीं, अंतराष्ट्रीय स्तर पर मलेशिया, मिलान, तिबलिसी, कनाडा, अमेरिका आदि देशों के साथ भी कनेक्टिविटी बढ़ी है।