चंडीगढ़। सेक्टर- 44डी स्थित मैदान में क्रिकेट खेल के दौरान मामूली विवाद के चलते पांच युवकों ने बल्ले से एक युवक का सिर फोड़ दिया था। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सेक्टर-34 थाना प्रभारी राजीव कुमार की अगवाई में स्थानीय निवासी आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद घायल से शिकायत लेकर आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि सेक्टर-18 के रहने वाले अभिनव महाजन रविवार सुबह सेक्टर 44डी स्थित मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गया था। आरोप है कि जब वह बॉलिंग कर रहा था तभी दूसरे टीम के एक युवक के साथ बहसबाजी हो गई। अन्य दोस्तों के बीचबचाव करने पर किसी तरह मामला शांत हुआ। थोड़ी देर बाद उक्त युवक ने फोन कर चार युवकों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने उसकी धुनाई शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने कड़ा और बल्ले से उसका सिर फोड़ दिया। अन्य दोस्तों के इकट्ठा होने पर उक्त सभी युवक वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सोमवार को घायल अभिनव का बयान दर्ज करवाकर उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।