पंजाब के बठिंडा में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। हादसा बठिंडा-मानसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव रामनगर के समीप हुआ। यहां एक कार और तेल टैंकर की आमने सामने भीषण टक्कर हो गई। कार में सवार छह युवकों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक युवक घायल है। घायल की पहचान सीपा के रूप में हुई है।
घायल को घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सिविल अस्पताल मौड मंडी पहुंचाया, जहां से उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। मृतकों में तीन चचेरे भाई अरमान सिंह, हरमन सिंह, दिनेश्वर सिंह निवासी गांव जोगेवाला और मनप्रीत सिंह समेत एक अन्य युवक शामिल है। जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार सवार अरमान सिंह, हरमन सिंह, दिनेश्वर सिंह, मनप्रीत सिंह, सीपा और एक अन्य युवक रामपुरा से वापस अपने गांव जोगेवाला व जज्जल की ओर जा रहे थे। जब वो गांव रामनगर के पास पहुंचे तो मौड मंडी की तरफ से आ रहे तेल टैंकर से आमने-सामने की भिंडत हो गई। हादसे में तीन चचेरे भाइयों समेत पांच युवकों की मौके पर मौत हो गई। वहीं घायल युवक सीपा को लोगों ने कार की खिड़की और सीट काटकर बाहर निकाला।
हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि कैंटर का अगला हिस्सा दूसरी तरफ मुड़ गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची मौड मंडी पुलिस ने तेल टैंकर चालक को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। जबकि मृतकों के शवों को मौड मंडी अस्पताल पहुंचाया गया। थाना मौड के एसआई गुरमेल सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे की जांच कर रही। पुलिस ने टैंकर चालक को मौके से गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।