चंडीगढ़। एयरफोर्स कर्मचारी की पत्नी को बैंक में क्लर्क लगवाने के नाम पर पांच लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नौकरी नहीं मिलने पर इसकी पुलिस में शिकायत की गई। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मनीमाजरा के गोविंदपुरा निवासी सन्नी विर्क समेत अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़ित महिला सरस्वती ने बताया कि वह सेक्टर-46 में परिवार समेत रहती है। उसके पति मोहिंदर चंडीगढ़ एयरफोर्स डीआरडीओ में तैनात हैं। बीते मार्च 2019 में मोहिंदर पंचकूला के बस स्टैंड के पास ट्रेनिंग पर थे। इस दौरान उनकी मुलाकात हरप्रीत कौर से हुई। हरप्रीत ने कहा कि उसने सीटीयू में नौकरी के लिए आवेदन किया है और वह उनकी पत्नी सरस्वती को भी नौकरी में दिलवा देगी, लेकिन तीन महीने के इंतजार के बाद भी सरस्वती की नौकरी नहीं लगी। आरोप है कि इस बीच हरप्रीत ने मनीमाजरा निवासी सन्नी विर्क नामक एक व्यक्ति से मुलाकात करवाई। सन्नी विर्क ने कहा कि वह सरस्वती को चंडीगढ़ स्थित एक बैंक में क्लर्क की नौकरी दिलवा देगा, लेकिन इसके एवज में उसे सात लाख रुपये देना होगा। उन्होंने फरवरी से जून 2020 तक आरोपियों को धीरे-धीरे घर पांच लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी उसे लॉकडाउन का झांसा देकर काफी दिनों तक बहाना करते रहे। इससे परेशान होकर पीड़ित ने मामले की शिकायत सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में दी।