इंडोनेशिया के अताचे बोना कुसुमा ने खरबंदा को बताया कि क्रूड पॉम आयल, बिजली उपकरण और रबड़ उत्पादों की कंपनियां भारत को बड़ी मार्केट के रूप में देख रही हैं। पंजाब में क्रूड पॉम आयल का ज्यादा उपभोग होने के चलते इसके उद्योग लगाने संबंधी पंजाब सरकार के साथ औपचारिकताओं संबंधी जानकारी हासिल की।
इनवेस्ट पंजाब के सीईओ डीपीएस खरबंदा ने बताया कि पंजाब में कई जिले सरसों के उत्पादक हैं और लुधियाना में सर्वाधिक सरसों के तेल की कंपनियां हैं। बोना कुसुमा ने कहा कि सरसों के तेल और क्रूड पॉम आयल के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों की स्थापना की जा सकती है। इंडोनेशिया के व्यापारिक प्रतिनिधि ने इस संबंध में पंजाब सरकार के साथ पत्राचार आगे बढ़ाने की भी मांग की।
आप सरकार में अब तक 3893 नए निवेश प्रस्ताव मिले
डीपीएस खरबंदा ने बताया कि पंजाब में नई सरकार के गठन के बाद अब तक 3893 नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनका प्रस्तावित निवेश 59,318 करोड़ है। इससे तीन लाख पांच हजार रोजगार सृजित होंगे। चालू वित्त वर्ष के दौरान 2910 करोड़ रुपये की बिजली दरों की सब्सिडी वितरित की गई। इसके अलावा 132 यूनिटों को 100 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई है।
जल्द निवेश करने की उम्मीद
पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के डिप्टी महासचिव नवीन सेठ ने कहा कि चैंबर ने पंजाब सरकार और विदेशी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया, जिससे पंजाब में औद्योगिक पूंजी निवेश को बढ़ाया जा सके। पीएचडीसीसीआई पंजाब चैप्टर के आरएस सचदेवा ने कहा कि गोल मेज कॉन्फ्रेंस माध्यम से भविष्य में कई देशों के पंजाब में जल्द निवेश करने की उम्मीद है।