चंडीगढ़। दक्षिणी सेक्टरों की सफाई के लिए लॉयंस कंपनी को अधिक काम देने के लिए भाजपा के साथ मिलकर एजेंडा पास कराने के मामले में आम आदमी पार्टी के हाईकमान ने संज्ञान लिया है। सदन में दो गुटों में बटी आप के पांच पार्षदों ने भाजपा के साथ मिलकर एजेंडा पास कराया था। मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक प्रेम गर्ग को मामले की जांच करके रिपोर्ट देने के लिए कहा है। हाईकमान ने कहा है मामले की जांच की जाए कि आप पार्षदों ने जानबूझकर भाजपा का साथ दिया है अथवा गलतफहमी के कारण पार्षदों के अलग-अलग मत हुए।
30 अप्रैल को नगर निगम की सदन की बैठक में अधिकारियों की ओर से लॉयंस कंपनी को दक्षिण के सेक्टरों में मार्केट, मंडी सहित अन्य नए क्षेत्रों में सफाई का काम देने के लिए एजेंडा लाया गया था। वैसे एक अप्रैल से लॉयंस कंपनी का टेंडर शुरू हो गया था लेकिन इस बार यह अतिरिक्त काम दिया जा रहा था। निगम का दावा था कि पिछली बार की तुलना में रुपये बचाए हैं और काम भी बढ़ाया है। इस प्रस्ताव का कांग्रेस ने विरोध किया, वहीं भाजपा और अकाली दल इसके समर्थन में थे। इस दौरान आप दो धड़ों में बंट गई। नेता प्रतिपक्ष योगेश ढींगरा प्रस्ताव के लिए विशेष बैठक की मांग कर रहे थे, वहीं उनकी पार्टी के पांच पार्षदों ने भाजपा के साथ मिलकर एजेंडा पास कर दिया। बैठक के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने आप पार्षदों पर लॉयंस से रुपये लेने का भी आरोप लगाया। इस संबंध में प्रेम गर्ग का कहना है कि पार्टी पूरे प्रकरण की जांच करेगी। एजेंडे को लेकर कोई असमंजस थी या यह जानबूझकर हुआ इसकी जांच के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।