चंडीगढ़। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने शनिवार रात को एससीओ नंबर-27 स्थित वेदा कैफे में दबिश दी। इस दौरान ग्राहकों को हुक्का परोसने के आरोप में क्लब की मालकिन दिव्या मलिक और मैनेजर मनीष के अलावा कर्मचारियों अनिमेश खन्ना, शिवम पाठक और प्रकाश नेगी के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत केस दर्ज कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में सभी को जमानत पर रिहा कर दिया।
बता दें कि रोक के बावजूद क्लबों में हुक्का परोसने पर यूटी पुलिस लगातार गिरफ्तारियां कर रही है। इसके बावजूद क्लब में हुक्का परोसना बंद नहीं हो रहा। सेक्टर-26 थाने के एसएचओ जसबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वेदा कैफे क्लब में हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो अंदर युवक-युवतियों को हुक्का परोसा जा रहा था। इसके बाद पुलिस क्लब के सभी लोगों को थाने ले गई। ज्ञात हो कि अब तक पुलिस लगभग 32 क्लब व बार पर कार्रवाई कर चुकी है। इसमें सेक्टर-26 के बुलेवार्ड क्लब, मोब क्लब, बारगेन बूज क्लब, क्विजो क्लब, औद्योगिक क्षेत्र के प्लेबॉय क्लब, तमजारा क्लब, सेक्टर-9 स्थित बूम बॉक्स, पाइप एंड बैरल, एसको बार, सेक्टर-7 टर्मिनल सेवन, रीफ क्लब, ग्राफो समेत अन्य क्लबों के मालिक, प्रबंधकों के अलावा स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की गई है। डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने कोरोना महामारी के कारण हुक्का परोसने पर रोक लगाई है।