पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी (पेक) में चंडीगढ़ के विद्यार्थियों को सर्वाधिक दाखिले मिलें, इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि पेक चंडीगढ़ का संस्थान है।
ऐसे में यहां 50 फीसदी कोटा पर्याप्त नहीं है। इस कोटे में पांच फीसदी तक बढ़ोत्तरी और की जाए ताकि इंजीनियरिंग करने का सपना देखने वाले युवाओं को दाखिला मिल सके। सेक्टर- 38 के रहने वाले श्रीकांत मिश्र और सेक्टर 14 के हिमांशु शर्मा ने केंद्र सरकार को इस बारे में पत्र भेजा है।
इसमें कहा है कि पेक संस्थान चंडीगढ़ की शान है। यह चंडीगढ़ के युवाओं के उन सपनों को पूरा कर रहा है जो इंजीनियर बनने की इच्छा रखता है। पेक में चंडीगढ़ के युवाओं को कोटा दिया जाता है लेकिन यह कोटा तब तय हुआ था जब विद्यार्थियों की संख्या यहां कम होती थी। अब विद्यार्थी बढ़ रहे हैं।
यहां के तमाम युवा इंजीनियर बनना चाहते हैं। पहले वह आईआईटी आदि के लिए प्रयास करते हैं लेकिन कुछ युवा जो आईआईटी तक नहीं पहुंच पाते हैं उन्हें पेक में दाखिला मिलता है। मगर जो कोटा चंडीगढ़ का तय है वह कम है। ऐसे में यह आरक्षण चंडीगढ़ का बढ़ना चाहिए ताकि युवाओं को दूसरी जगहों पर इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए न जाना पड़े।