मोहाली। एयरपोर्ट चौक के पास एक कार को दूसरी कार ने पीछे से टक्कर मार दी। कार सवार द्वारा टक्कर मारने पर पूछा तो कार सवार पांच युवकों ने हमला कर दिया। हाथापाई में एक युवक को घायल करने के आरोप में पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पीड़ित अश्वनी चावला वासी सेक्टर-42सी चंडीगढ़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी ऑल्टो कार में पत्नी और बेटे के साथ चंडीगढ़ से जीरकपुर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे एयरपोर्ट चौक के नजदीक पहुंचे तो उनकी गाड़ी को पीछे से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। जब वह कार चालक से इस बारे में बात करने के लिए उतरे तो गाड़ी में सवार कुछ युवक गालियां देने लगे और उसके विरोध करने पर उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीसीआर पार्टी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बाद में हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।