लुधियाना के डाबा इलाके में मैट दी चक्की के पास सुबह गली में कुत्ता घुमा रहे एक युवा फाइनेंसर के सिर में युवक ने गोली मार दी। गोली कुछ ही दूरी से मारी गई जो सिर के पीछे वाले हिस्से में जा लगी। गोली मारने के बाद आरोपी पैदल ही भागा और कोई उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। सूचना मिलते ही युवक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए सतगुरु प्रताप सिंह अस्पताल पहुंचाया।
जहां उसकी पहचान शरणपाल सिंह उर्फ शालू (28) के रूप में हुई है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी युवक की आसपास घूमने से लेकर गोली मारने और फरार होने तक की सारी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी और थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फुटेज लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
शरणपाल सिंह उर्फ शालू फाइनेंस के साथ प्रॉपर्टी और कुत्तों की खरीद फरोख्त का काम करता था। वह रोजाना कुत्ता लेकर इलाके में घुमाने जाता था। इसी दौरान मैट दी चक्की के पास ही उसके आसपास मुंह पर रुमाल बांधे युवक ने जेब से पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। जिसके बाद शालू को इलाज के लिए एसपीएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं युवक ने गोली मारने के बाद कुछ दूरी पर रुमाल उतार दिया। उसकी बिना रुमाल बांधे भी फोटो सीसीटीवी में कैद हो गई।
एडीसीपी क्राइम रतन सिंह बराड़ ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि मामला रंजिश का लग रहा है। जिस हिसाब से युवक शालू के आसपास घूमता रहा है और फिर गोली मारकर फरार हुआ है, उससे लगता है कि उसकी कोई रंजिश थी। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गया है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में उपचाराधीन शालू की हालत गंभीर बनी है। डाक्टरों की टीम उसके इलाज में जुटी है।