कार में सवार होेकर आए चार से पांच बदमाशों ने रविवार शाम शराब के बड़े कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला की कोठी के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दहशत फैला दी। कोठी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने छिपकर अपनी जान बचाई। बदमाशों ने गाड़ी, गेट और घर की खिड़कियों पर कुल 17 राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार राकेश सिंगला सेक्टर-33 स्थित कोठी नंबर 1378 में रहते हैं। करीब 500 गज की दूरी पर उनके छोटे भाई अरविंद सिंगला रहते हैं। अरविंद सिंगला पंजाब चंडीगढ़ के बड़े शराब कारोबारी हैं। उनके नवांशहर, अमृतसर, जालंधर, रोपड़, लुधियाना और चंडीगढ़ के 16 समेत शराब के करीब 500 ठेके हैं।
रविवार शाम करीब 6 बजे पंजाब नंबर की कार में सवार बदमाश राकेश सिंगला की कोठी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड इस्लाम के पास पहुंचे और अरविंद सिंगला के बारे में पूछा। सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें बताया कि अरविंद सिंगला अगली कोठी में रहते हैं। इस पर वे अरविंद सिंगला की कोठी नंबर 1150 की तरफ चले गए लेकिन वहां पंजाब पुलिस की सिक्योरिटी देखकर वापस लौट आए।
इसके बाद उन्होंने राकेश सिंगला की कोठी के बाहर गोलियों की बौछार कर दी। एकाएक हमले से घबराए गार्ड ने गेट के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। करीब 10 मिनट तक खौफ फैलाने के बाद बदमाश सेक्टर 33 / 45 की ओर से फरार हो गए।
6.12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले, डीएसपी नेहा यादव, सेक्टर 34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए।
वारदात स्थल से 17 खोल बरामद
फॉरेंसिक टीम ने गाड़ी, कोठी की बालकनी और गेट के पास से .32 बोर के 17 खोल बरामद किए हैं। पुलिस को दिए बयान में कारोबारी राकेश सिंगला और अरविंद सिंगला ने किसी से भी दुश्मनी होने से इनकार किया है। घटना के बाद दोनों का परिवार सहमा हुआ है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, पंजाब नंबर की कार से आए थे
अरविंद सिंगला के घर के बाहर लगे एक सीसीटीवी में बदमाश कैद हुए हैं। बदमाश पंजाब नंबर सिल्वर रंग की फोर्ड आइकॉन कार में आए थे। कार में 4 बदमाश दिख रहे हैं। हमलावरों की उम्र 25 से 30 साल के बीच लग रही है। कुर्ता-पाजामा और लोअर-टीशर्ट पहने हुए हैं। सभी ने मुंह को मास्क व गमछे से ढका हुआ था। सभी युवक आपस में हिंदी में बात कर रहे थे। वहीं, राकेश सिंगला के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा बंद था।
किसी से कोई दुश्मनी नहीं
शराब कारोबारी अरविंद सिंगला ने बताया कि वह शाम को अपने घर पर थे। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही कभी किसी से अनबन रही है। उन लोगों ने ऐसा क्यों किया, इस बारे में कुछ नहीं पता। बाकी पुलिस अपना काम कर रही है।
चार-पांच बदमाशों ने की है वारदात, कारोबारी रंजिश की आशंका
इस बारे में एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले ने कहा कि कार सवार चार से पांच बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस अपने-अपने स्तर पर मामले की छानबीन कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि बिजनेस में कंपीटीशन को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया होगा।