अर्बन एस्टेट में रेडियो स्टेशन के नजदीक लाइट के पास रविवार रात 9 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब रोजरेज में एक कार सवार युवकों ने दूसरी कार से युवकों को नीचे उतार कर उन पर गोलियां चला दीं। इस दौरान दो युवक बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत इलाज के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक संबंधित थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने कार्रवाई करते छह युवकों के खिलाफ हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार हैं।
थाना अर्बन एस्टेट पुलिस के मुताबिक घायल युवक हरप्रीत सिंह ने बयान दिया है कि वह स्विफ्ट कार में अपने तीन दोस्तों के साथ रिश्तेदारी में विवाह समारोह में शामिल होने के बाद वापस आ रहा था। अर्बन एस्टेट में रेडियो स्टेशन के नजदीक एक आई-10 कार चालक ने जब उनकी कार को ओवरटेक करने की कोशिश की तो कार सवारों के साथ झगड़ा हो गया।
इसके बाद हरप्रीत सिंह व उसके दोस्त कार में बैठकर चले गए। लेकिन आई-10 कार सवार युवकों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर आकर कार से नीचे उतार कर गोलियां चला दीं। यह गोलियां हरप्रीत सिंह व उसके दोस्त गुरविंदर सिंह की जांघों में लगीं। जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। वारदात बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में जांच शुरू कर दी थी।