मोगा के गांव झंडेयाना गर्बी निवासी किसान शिवराज सिंह को पराली को आग न लगाने का समर्थन महंगा पड़ गया, जब गांव के कुछ लोगों ने पराली की गांठों से भरी ट्राली को आग के हवाले कर दिया। इस कारण ट्राली भी जल गई। मामले में थाना सदर पुलिस ने किसान शिवराज सिंह की शिकायत पर महक सिंह, जगदीप सिंह, गुरविंद्र सिंह, लवप्रीत सिंह सभी निवासी गांव झंडेयाना गर्बी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जांच सहायक थानेदार संतोख सिंह कर रहे हैं। पुलिस को दी शिकायत में शिवराज सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के आदेशानुसार पराली जलाने पर पूरी तरह से पाबंदी है। इस पर उन्होंने पराली की गांठें बांधने वाली मशीन किराए पर ली थी। उन्होंने अपने स्वराज ट्रैक्टर, जिसे स्वर्ण सिंह निवासी गांव दानेवाला (फाजिल्का) चलाता है, को ट्राली में पराली की बंधी गांठें भरकर गांव हुकूमतवाला के बिजली प्लांट में ले जाने के लिए कहा।
उसने गांठों से भरी ट्राली गुरुद्वारा के पास खड़ी कर ट्रैक्टर निकालकर ले गया। वहां आरोपियों ने पराली की गांठों से भरी ट्राली को आग लगा दी। इससे उनका लाखों का नुकसान हो गया। इस पर उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी सहायक थानेदार संतोख सिंह ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
किसान ने बीडीपीओ से किया दुव्यर्वहार
तरनतारन के गांव खब्बे राजपूतां में एक किसान ने पराली को आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही बीडीपीओ मौके पर पहुंचे और ऐसा करने से मना किया। इस पर किसान मलूक सिंह ने बीडीपीओ पर हमला कर दिया। शिकायत मिलने पर सरहाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। ब्लाक नौशहरा पन्नुआं के बीडीपीओ अमनदीप शर्मा ने बताया कि गांव चौधरीवाला, खेड़ा और जौड़ा में किसानों द्वारा धान की पराली को आग लगाई जा रही है।
डीसी प्रदीप सभ्रवाल के आदेशों पर वे मौके पर निरीक्षण करने गए थे। गांव खब्बे राजपूतां में किसान निशान सिंह के खेतों में पराली को आग लगी पाई गई। जब निशान सिंह से बातचीत की जा रही थी तो वहां पर मौजूद मलूक सिंह ने कृषि विभाग की टीम से गाली-गलौज करते हुए दुव्यर्वहार किया और सरकारी काम में बाधा डाला। थाना सरहाली कलां के प्रभारी इंस्पेक्टर कमलप्रीत सिंह ने बताया कि बीडीपीओ की शिकायत पर मलूक सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।