चंडीगढ़। सेक्टर-48 स्थित मोटर मार्केट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बूथ नंबर-436 में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। मेन रोड से घटनास्थल की दूरी करीब 100 मीटर थी, लेकिन हैरानी की बात है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बूथ तक पहुंचने में करीब 15 मिनट का समय लग गया। इसके बाद वहां के दुकानदारों को पता लगा कि यह फायर ब्रिगेड की ओर से मॉक ड्रिल करवाई गई है। फायर ब्रिगेड के अनुसार, दुकान रोड पर लगी होने की वजह से दमकल गाड़ी को वहां तक पहुुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में अगर यह आग सही लगी होती तो जानमाल का काफी नुकसान हो सकता था।
घटना वीरवार दोपहर करीब 2.45 बजे का है। फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि सेक्टर-48 के मोटर मार्केट स्थित बूथ नंबर-436 में आग लगी हुई है। इस दौरान फायर अफसर सुरजीत सिंह, सुरमुख सिंह व लीडिंग मैन संजीव शर्मा की अगुवाई में टीम रवाना हुई। मेन रोड से जैसे ही दमकल गाड़ी अंदर वाली रोड पर गई तो तार, सही ढंग से पार्किंग न होना, इधर-उधर रेहड़ियां समेत कई अन्य वजहों से मौके तक पहुंचने में काफी समय लग गया, जिसके बाद लोगों को पता लगा कि यह मॉक ड्रिल है। इस दौरान टीम ने दुकानदारों को आग बुझाने के तरीकों के बारे में जागरूक किया।