मनीमाजरा के खोखा मार्केट में लगी आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़ के मनीमाजरा के मेन बाजार स्थित खोखा मार्केट में गुरुवार रात करीब पौने दो बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। पांच दुकानें और एक गोदाम का सामान आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गया। इनमे जूतों की दो दुकानें, एक टेलर की, रेडीमेड गारमेंट की दो दुकानें शामिल हैं। इनके पीछे एक गैस चूल्हे का गोदाम भी आग की चपेट में आ गया।
खोखा मार्केट दुकान नंबर 14 में रेडीमेड कपड़ों की दुकान करने वाले सतीश भाटिया ने बताया कि रात को 2 बजे उनके पास फोन आया कि उनकी दुकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। फायर विभाग की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने दुकानों के शटर तोड़कर अंदर लगी आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक अंदर रखा उनका लाखों का सामान जलकर खाक हो गया था।
सतीश भाटिया ने बताया कि उनकी दुकान के अंदर रखे ढाई लाख रुपये के रेडीमेड गारमेंट पूरी तरह जल गए। इनके साथ वाली विजय फुटवेयर दुकान के मालिक विजय कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में 15 लाख रुपये का समान था। जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। गैस गोदाम के मालिक नितेश कुमार का कहना है कि उनके गोदाम के अंदर पड़े डेढ़ सौ गैस चूल्हे जल गए। इससे उन्हें करीब साढ़े तीन लाख का नुकसान हो गया है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग के कर्मचारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।