चंडीगढ़। सेक्टर-21ए स्थित एक कोठी में अचानक आग लग गई। आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें उठती देखकर मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर अलग-अलग फायर स्टेशन से चार गाड़ियां पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि इस आग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटना बुधवार दोपहर बाद तीन बजे की है। सेक्टर 21 ए स्थित कोठी नंबर 220 में आग की सूचना पर सेक्टर-17, इंडस्ट्रियल एरिया, रामदरबार और सेक्टर-32 फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इस दौरान दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी है। इस आग में घर में बेड, अलमारी समेत लाखों का सामान जलकर राख हो गया।