हरियाणा के अंबाला जिले में बाईपास पर गत्ते से भरे दो ट्रकों में भयंकर आग लग गई। इसके अलावा यूपी के अलीगढ़ जिले में भी एक चलती कार में आग लग गई।
पहली घटना हरियाणा के अंबाला जिले की है। यहां कस्बा बराड़ा में बाईपास पर रात करीब साढ़े नौ बजे गत्ते से भरे दो ट्रकों में भयंकर आग लग गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने फायर टीम को सूचना देकर बुलाया।
इस दौरान काफी देर तक रोड पर आवागमन बाधित रहा। बता दें कि अनिल गोयल के गत्ते से भरे ट्रक को ड्राइवर ने मार्बल की दुकान के पास खड़ा किया था।रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक में लगी आग ने भयंकर रूप ले लिया। इसके बाद वहीं खड़े दूसरे ट्रक में भी आग लग गई।
लोगों ने किसी तरह दूसरे ट्रक से आग बुझाई। जीटी रोड पर ट्रक में आग लगने की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फायर टीम को फोन करके जानकारी दी। गत्ते जलकर राख हो चुके थे। ट्रक में आग लगने के कारण आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है।