खन्ना में पुल पर डीजल टैंकर में लगी आग।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के खन्ना में नेशनल हाईवे-वन पर बने फ्लाईओवर पर बुधवार सुबह डीजल से भरा टैंकर पलटने से भयानक आग लग गई। टैंकर पलटने से तेल हाईवे पर करीब 200 मीटर तक फैल गया, जिससे आग की लपटें भी फैल गईं। हादसे की भयावता देखते हुए हाईवे को बंद कर ट्रैफिक को सर्विस रोड से गुजारा गया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
टैंकर जालंधर से तेल लेकर मंडी गोबिंदगढ़ के पेट्रोल पंप पर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े 11 बजे जब वह खन्ना के अमलोह चौक के ऊपर बने ओवरब्रिज पर पहुंचा तो टैंकर का टायर फट गया। इससे टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। फ्लाईओवर पर ही डीजल फैल गया। कुछ लोग पलटे टैंकर के पास बातचीत कर रहे थे, तभी एकाएक उसमें भयानक आग लग गई। ड्राइवर बलविंदर सिंह और क्लीनर नीरज कुमार ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई, जिन्हें बाद में राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया। ड्राइवर बलविंदर सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को जालंधर से टैंकर लेकर निकला था लेकिन हड़ताल के कारण वहीं रुक गया। इसके बाद आज सुबह जालंधर से निकले तो खन्ना ओवरब्रिज पर हादसा हो गया।
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों ने पाया काबू
आग पर काबू पाने के लिए खन्ना, मंडी गोबिंदगढ़, समराला से फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियां पहुंचीं, जिनकी मदद से आग पर काबू पाया गया। सूचना मिलते ही खन्ना की एसपी डी प्रज्ञा जैन और एनएच के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। इस कारण दिल्ली-जालंधर हाईवे करीब डेढ़ घंटा जाम रहा। दोपहर एक बजे के बाद हालात सामान्य हो पाए।
फ्लाईओवर के नीचे तक आग की लपटें
हादसे के बाद काफी मात्रा में तेल फ्लाईओवर से बहता हुआ नीचे बने अमलोह चौक की तरफ आने लगा, जिससे वहां पर चारों ओर डीजल की गंध फैल गई। वहीं, नीचे से गुजर रहीं बिजली की तारों में भी आग लग गई। हालांकि प्रशासन ने बिजली विभाग को सूचित कर बिजली कटवा दी थी।