इस दौरान अंदर फंसे आठ मजदूरों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक वह आग से झुलस गए थे। आग में झुलसे मजदूर सुरेंद्र, अमरजीत, नरेंद्र सिंहपाल, श्रीधर, अंकित, शंभू यादव, प्रवीन, रमेश को बाहर निकालकर नरेला, दिल्ली के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जहां सुरेंद्र व अमरजीत को गंभीर हालत के चलते दिल्ली के पंत अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहीं आगजनी की सूचना के बाद कंपनी मालिक राहुल जैन भी मौके पर पहुंच गए। साथ ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचे। डीएसपी हरेंद्र व कुंडली थाना प्रभारी रवींद्र के साथ एसआई देवेंद्र व सतबीर ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
क्विक रिस्पांस टीम के सदस्यों ने बचाईं कई जिंदगी
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर उद्योगपतियों ने एक क्विक रिस्पांस टीम बना रखी है। टीम ने गश्त के दौरान धुआं उठता दिखा तो तुरंत मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को अवगत कराने के साथ ही कंपनी में लगे अग्निशमन सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
साथ ही सीढ़ी के रास्ते छत से मजदूरों को बाहर निकाला गया। टीम के सदस्य गुरदीप ने बताया कि सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते एक मजदूर को बाहर निकाला। वहीं अन्य मजदूरों को भी बाहर निकलने में मदद की गई। बाद में झुलसे हुए मजदूरों को बाहर निकालते ही उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की गई।
कुंडली में किराए पर रहते हैं मजदूर
हादसे में झुलसे मजदूर कुंडली क्षेत्र में ही किराए पर रहते है। उनके परिजनों से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है। घायल मजदूर यूपी के हरदोई व कानपुर क्षेत्र के बताए गए हैं। साथ ही एक मजदूर नेपाल का रहने वाला है। हालांकि उनके बयान दर्ज नहीं हो पाने के कारण उनके पैतृक स्थल के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
फैक्ट्री मालिक को आग से भारी नुकसान
फैक्ट्री मालिक को आग से भारी नुकसान हुआ है। फैक्ट्री में मशीनों के साथ ही कच्चा व तैयार माल भी आग की भेंट चढ़ गया। साथ ही बिल्डिंग भी आग के कारण जर्जर हो गई। आकलन के बाद ही नुकसान के बारे में पूरा पता लग सकेगा।
कुंडली स्थित एरो एंटरप्राइजेज बटन कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। जिसमें करीब 8 मजदूर झुलस गए। उनमें से दो की हालत गंभीर है। घायलों के बयान दर्ज करने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट बताया जा रहा है। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं। मामले की गहनता से जांच जारी है। रवींद्र कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।