फायरब्रांड नेता नवजोत सिद्ध अब मीडिया के सामने आएंगे और कई बड़े ऐलान करेंगे। इसके लिए सिद्धू कल चंडीगढ़ में होंगे। राज्यसभा से इस्तीफा देने और आम आदमी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं के बाद अचानक नए मोर्चे का गठन करने वाले क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू शुक्रवार को चंडीगढ़ पहुंचेंगे।
विवादों में रहने के बाद पहली बार चंडीगढ़ पहुंच रहे सिद्धू के साथ ओलंपियन व विधायक परगट सिंह और बैंस बंधु सिमरजीत सिंह व बलविंदर सिंह (दोनों विधायक) भी होंगे।
वैसे तो ‘आवाज-ए-पंजाब’ के नेता चंडीगढ़ प्रेस क्लब में अपनी अगली रणनीति का खुलासा करेंगे, लेकिन उनके आने की आहट के साथ ही प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। आम आदमी पार्टी के अलावा कांग्रेस और अकाली दल की भी नजरें उन पर टिकी हैं।