जालंधर में भी 18 जगहों पर आग लगने की खबर है। दिवाली की रात शहर क्षेत्र में 18 जगहों पर आग लगी। फायर अधिकारी राजिंदर कुमार के अनुसार रविदास रोड मंदिर के सामने की दुकान, काजी मंडी मद्रासी मंदिर के पास कबाड़ के गोदाम, दादा कॉलोनी नजदीक इंडस्ट्रियल एरिया में झुग्गी में, सोढल रोड काली माता मंदिर नजदीक स्थित फैक्टरी की छत पर, गोपाल नगर लक्ष्मी पैलेस के पीछे दुकान के अलावा, शीतला मंदिर, शेखा बाजार स्थित दुकानें आग की चपेट में आ गई।
इसके अलावा बूटा मंडी, अंबेडकर पार्क के पास लकड़ी के टाल, बर्तन बाजार में गुरु क्लॉथ मार्केट के ऊपर, मखदूमपुरा स्थित शिव बाड़ी मंदिर के नजदीक लकड़ी के टाल व बूटा मंडी में कार को आग लग गई। जिला फायर अफसर के मुताबिक, दीपावली के कारण विभाग के सभी मुलाजिमों की छुट्टियां रद्द की गई थी। रात को विभाग के सारे कर्मचारी ड्यूटी पर थे। उनका कहना था कि विभाग के कर्मचारी सारी रात सड़कों पर ही रहे।
वहीं जालंधर में देर रात तक पटाखे फोड़कर लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की जमकर धज्जियां उड़ाईं। रात भर पटाखे बजते रहे और कोई रोकने वाला नहीं था। पुलिस का सारा ध्यान सिर्फ नाकेबंदी तक ही सीमित रहा।
आतिशबाजी से कच्चे चमड़े के गोदाम में आग
मुक्तसर जिले के मलोट स्थित गुरु रविदास नगर में कच्चे चमड़े के गोदाम में दिवाली की रात आगजनी से लाखों का नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार रविदास नगर स्थित एसके ट्रेडिंग कंपनी के कच्चे चमड़े के गोदाम में दिवाली की रात आतिशबाजी गिरने से गोदाम में आग लग गई। घटना का पता चलते ही मलोट फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
गोदाम मालिक के अनुसार इस आगजनी से करीब पांच लाख रुपये के माल का नुकसान हो गया है। फायर अफसर गुरदर्शनजीत सिंह बिट्टू ने कहा कि उन्हें जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। गौरतलब है कि कच्चे चमड़े का ये गोदाम घनी आबादी में चल रहा है। लोग इस गोदाम को घनी आबादी से कहीं दूर शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं।